बलिया। रेलराज्य मंत्री मनोज सिन्हा का वाराणसी सिटी से बलिया तक विंडो निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान शनिवार को स्टेशन परिसर में सुबह से ही गहमा-गहमी रही। नियत समय से करीब से करीब दो घंटे विलंब से पहुंचे रेल राज्य मंत्री की अगवानी में प्लेटफार्म एक पर भाजपा सांसद भरत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री उपेंद्र तिवारी सहित कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। जब रेल राज्यमंत्री करीब पांच बजे पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। करीब 15 मिनट तक के निरीक्षण के दौरान सांसद सहित कार्यकर्ता घेरे रहे।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के विशेष सैलून से स्टेशन पर उतरते ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। माला पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ता और समर्थकों की भीड़ देखकर रेल राज्यमंत्री भी उत्साहित नजर आए। सांसद भरत सिंह, मंत्री उपेंद्र तिवारी से बातचीत की। स्टेशन परिसर में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे थे। मंत्री की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ की पूरी टीम परिसर में लगी हुई थी। स्टेशन पर डाग स्क्वायड दस्ता भी लगा हुुआ था।
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा जिस सैलून से आए थे। उसमें तकनीकी गड़बड़ी के चलते करीब 10 मिनट तक सैलून बलिया स्टेशन पर प्रेशर बनाता रहा। जब पूरी तरह से प्रेशर बनाया तो उसे फिर से रवाना किया गया। हालांकि मंत्री के निरीक्षण न होने से लोगों में मायूसी दिखी। इस मौके पर सैलून रेल महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल, डीआरएम एके झां, आरपीएफ प्रभारी अमित राय, संजय पांडेय, एसके राय, विनय पाठक, रेलवे सुरक्षा दल का स्वान दस्ता मौजूद रहा। जबकि पार्टी के जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे, बेल्थरारोड विधायक धनंजय कनौजिया आदि मौजूद रहे।