बेल्थरारोड। क्षेत्र के विकास के संबंध में सलेमपुर सांसद रविंद्र कुशवाहा , विधायक धनंजय कनौजिया और संजय यादव ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। सांसद और विधायकों ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र में विकास के लिए योजनाएं संचालित करने का अनुरोध किया। सांसद कुशवाहा ने सलेमपुर में इंडस्ट्रियल पार्क बनाने की मांग की। सांसद ने बताया कि इसके लिए दस हजार एकड़ भूमि उपलब्ध है। विधायक धनंजय कनौजिया ने बेल्थरारोड में राजकीय महिला महाविद्यालय खोलने की मांग की। उन्होंने प्रस्तावित 132/33 के लिए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण के लिए धन स्वीकृत करने की मांग की। सिकंदरपुर विधायक संजय यादव ने पुर पकड़ी में स्पोर्ट कॉलेज की स्थापना की मांग की। विधायक कनौजिया ने बताया कि मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने सांसद और विधायकों की बातों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्यवाही का भरोसा दिलाया। सांसद ने बताया कि गोरखपुर से बेलथरारोड होते हुए मांझी घाट तक फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सड़क निर्माण पूर्ण हो जाने से विकास के नए युग का सूत्रपात होगा।