लालगंज। दिव्यांग मेगा शिविर का आयोजन सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय मुरली छपरा पर आयोजित किया गया। दिव्यांग मेगा शिविर में दिव्यांगो का जिसका आधार कार्ड नहीं बन सकता उसे दिव्यांग सर्टिफिकेट बनाना था। इस शिविर में जिला दिव्यांग अधिकारी व जिला स्तरीय डॉक्टरों की टीम भी आने वाली थी, लेकिन इसके लिए केवल एक लिपिक ही उपस्थित हुआ। जिसको लेकर दिव्यांगों ने रोष प्रकट किया। दिव्यांग संघ मुरली छपरा के ब्लॉक अध्यक्ष सर्वजीत कुमार सिंह ने जिलाधिकारी बलिया से मोबाइल पर बात कर इसकी शिकायत की तो उन्होंने उपजिलाधिकारी बैरिया के जिम्मे छोड़ दिया। फिर उन्होंने भी बीडीओ मुरली छपरा से इसकी व्यवस्था देखने के लिए कह दिया। उसके बाद दिव्यांगों को बैठने के लिए दरी बिछाई गई । दिव्यांगों ने आरोप लगाया कि केवल कागजी कोरम ही पूरा किया गया । दिव्यांगों के बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था तक नहीं की गई और न ही पानी की ही व्यवस्था की गई थी। बीडीओ रंजीत कुमार से पूछे जाने पर बताया कि उनके बैठने के लिए दरी बिछाई गई थी। शिविर में योगेंद्र सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, शेखर सिंह, कामेश्वर यादव, धर्मेन्द्र यादव, जितेंद्र सिंह, उमेश कुमार गुप्ता, सत्य नारायण पाठक, मयंक यादव सहित दर्जनों दिव्यांग मौजूद रहे ।