बैरिया। डीजे और लाउडस्पीकर पर होली के फूहड़ गीत धड़ल्ले से बजाए जा रहे हैं। इन गीतों से खासतौर पर महिलाओं को शर्मसार होना पड़ रहा है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद डीजे व लाउडस्पीकर बजाने को लेकर निर्देश दिया था। जिसके तहत पुलिस प्रशासन ने मंदिरों व मस्जिदों पर लाउडस्पीकर न बजाने के लिए नोटिस भी भेज दिया। लेकिन सरस्वती पूजा व प्रतिमा के विसर्जन के समय बिना कोई परमिशन के जमकर डीजे बजाया गया। हद तो यह है कि मौजूदा समय में होली की फूहड़ गीतों को डीजे व लाउडस्पीकर पर बजाया जा रहा है।
सब कुछ देखने व सुनने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। फूहड़ गीतों से महिलाओं को शर्मसार तो होना पड़ता है, लेकिन मजबूरी बस शिकायत नहीं करती, जबकि आम लोग झगड़े व लफड़ो के डर से शिकायत नहीं कर पाते हैं। पुलिस भी डीजे व लाउडस्पीकर की आवाज सुन कर भी चुप्पी साध लेती है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया उमेश कुमार ने कहा उच्च न्यायालय से डीजे व लाउडस्पीकर बजाने पर रोक है, बिना परमिशन डीजे व लाउडस्पीकर बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।