बैरिया। विद्युत उपकेंद्र बैरिया के दैनिक वेतन भोगी 13 लाइन मैन व चार एसएसओ ने मजदूरी भुगतान नहीं किए जाने पर गुरुवार से हड़ताल की चेतावनी दी है। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने उपस्थित एसडीओ विकास कुमार सोनी से शिकायत किया कि हम लोगों की तनख्वाह ठेकेदार ने तीन माह से नहीं दिया है। आरोप लगाया कि ठेकेदार से तनख्वाह मांगने पर सही जवाब नहीं दे रहे हैं, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी कौशल पटेल, रामजी यादव, लल्लन वर्मा, सुरेन्द्र वर्मा, राजनारायण सिंह, राजेश ठाकुर, योगेंद्र वर्मा आदि ने चेतावनी दी कि बुधवार की शाम तक हमारी तनख्वाह नहीं मिली तो हम गुरुवार से हड़ताल करेंगे। इस बाबत एसडीओ विकास कुमार सोनी ने कहा कि इन मजदूरों की तनख्वाह शाम तक दिलवाने का प्रयास कर रहा हूं।