बेल्थरारोड(बलिया)। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य देवेंद्र कुमार गुप्त ने कहा कि बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ ही अनेक विकास योजनाओं को अमली जामा पहनाने की कवायद जारी है ।
शनिवार को रेलवे स्टेशन के औचक निरीक्षण के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने बताया कि प्लेटफार्म विस्तार के लिए मिट्टी भराई का कार्य चल रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए उच्च श्रेणी और महिला प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम, क्लॉक रूम, ट्राली पथ, आरसीसी बेंच के अलावा वाईफाई की सुविधा प्रदान की जाएगी। विकास संबंधी अनेक कार्य प्रस्तावित हैं। सर्कुलेटिंग एरिया में स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली पर बिफरे गुप्त ने कहा कि स्टैंड स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने स्टेशन पर धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों पर नाराजगी जताई तथा ठेकेदार को तीव्र गति से गुणवत्तापरक मानक के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया।