दुबहर। कोतवाली थाना क्षेत्र के परानपुर पुलिया के पास शुक्रवार को गंगा नदी में स्नान करते समय 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। बिहार के बक्सर जिले के चक्की थाना क्षेत्र के चक्की भोला डेरा निवासी उमाशंकर यादव का पुत्र विक्रम कुमार यादव परानपुर पुलिया के पास गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चला गया और तेज धारा में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। शिवपुर दियर नंबरी पुलिस चौकी प्रभारी नीतेश कुमार गुप्ता ने बताया कि युवक की तलाश लगातार की जा रही है। एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो नदी में लापता युवक की गहन खोजबीन कर रही है। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।