बैरिया। गर्मी बढ़ने के साथ ही बृहस्पतिवार को सीएचसी सोनबरसा की ओपीडी में 660 मरीज इलाज कराने पहुंचे। ये डिहाइड्रेशन से लेकर उल्टी, पेट दर्द से पीड़ित थे। इसमें 175 महिला-पुरुष मरीज फूड पॉइजनिंग से प्रभावित मिले। आठ मरीजों की हालत गंभीर होने पर भर्ती कर लिया गया। कड़ी धूप लोगों को बेहाल कर रही है। गर्मी के कारण अस्पताल में उल्टी, दस्त, पेट दर्द व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल खुलते ही पर्चा काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन लग गई। ओपीडी में पेट दर्द, उल्टी व दस्त के ज्यादा पीड़ित पहुंचे। संक्रमण के अलावा जोड़ों में दर्द, त्वचा रोग, आंख व दांत की परेशानी के भी मरीज रहे। गर्भवती व महिलाएं भी इलाज कराने पहुंचीं।
100 शैय्या युक्त अस्पताल के सीएमएस डॉ. काजिम हुसैन ने कहा कि गर्मी के मौसम में डायरिया के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। बच्चों को हर आधे घंटे में पानी पिलाएं। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक घर से बाहर न जाने दें। बताया कि दो दिनों से तापमान में वृद्धि हुई है। ताजा भोजन ही ग्रहण करें।