बांसडीहरोड। क्षेत्र के नारायनपुर गांव से तीन दिनों पहले एक 10 वर्षीय बालक अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद शनिवार को बालक बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर घूमते मिला।बाद में किसी तरह लोगों ने उस बच्चे को उसके घर पहुंचाया।
बताया जाता है कि घोरौली नारायनपुर निवासी आकाश कुमार (10) पुत्र धनजी प्रसाद गुरुवार की दोपहर में घर से सौ रुपये लेकर घरेलू सामान खरीदने के लिए बाजार गया था, लेकिन शाम तक नहीं लौटा। परिजनों ने गायब बालक की काफी खोजबीन की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस भी छानबीन में जुट गई। उधर, परिजन भी बालक की खोज में जुटे रहे। गांव के कुछ युवक बलिया रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो इसी बीच बालक पर नजर पड़ी और उसे पकड़ लिया। बाद में लोगों ने किसी तरह बच्चे को उसके घर पहुंचाया। घर पहुंचे बालक ने बताया कि उसे सौ रुपये मिले थे। वह वाहन पकड़ कर बलिया गया और तीन दिनों तक प्लेटफार्म पर रहा। पैसा खत्म होने पर किसी से मांगकर खा लेता था।