चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में भगवान श्रीराम-लक्ष्मण का पुतला फूंकने को लेकर हरिजन बिरादरी के अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत होने के बाद तनाव हो गया था। जिसको देखते हुए ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में हरिजन व सवर्ण बिरादरी की बैठक शुक्रवार की देर शाम हुई। जिसमें दोनों पक्षों ने लिखित रूप से आपसी सुलह समझौता किया और प्रभारी निरीक्षक को सौंपा। इसके साथ ही गांव में आपसी सौहार्द बनाने की अपील की। पिछले दिन गांव के ही कुछ लोगों ने पुलिस को यह सूचना दिया था कि गांव के हरिजन बिरादरी के लोगों द्वारा भगवान राम-लक्ष्मण का पुतला फूंका गया है। जिसके बाद पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत गांव के कुछ लोगों की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। गांव में शांति व्यवस्था कायम रहे और सौहार्द ना बिगड़े। इसको लेकर ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में ग्राम सभा के दोनों लोगों के बीच बैठक करके लिखित रूप से सुलह समझौता किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने संकल्प लिया कि हर हाल में हम लोग सौहार्द को नहीं बिगड़ने देंगे। वहीं एक पक्ष के लोगों ने कहा कि हम लोग भी भगवान राम को मानते हैं, हम लो ऐसा कभी नहीं कर सकते हैं। किसी ने गांव में राजनीतिक रूप और माहौल बिगाड़ने के लिए ऐसा अफवाह फैलाया। जिसे कभी बर्दास्त नहीं किया जाएगा।