मनियर। शारदीय नवरात्र प्रारंभ पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों पिलूई, असना, भागीपुर, रामपुर दक्षिण, छितौनी, देवदार , मुड़ियारी, निपनिया आदि गांवों में मां दुर्गा की प्रतिमा रखने के लिए पंडालों के बनाने की तैयारी जोरों पर है। कस्बा के परशुराम स्थान व बजरंगी सिंह के दरवाजे पर मां दुर्गा की पूजा के लिए पंडाल बनाए जा रहे हैं। जहां पर देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। दुर्गा पूजा को भव्य रुप देने के लिए जहां-तहां बच्चे चट्टी चौराहों पर लोगों व दुकानदारों से चंदे की भी मांग कर रहे हैं। उधर, नवरात्र पर क्षेत्र के नवका बाबा व बुढ़वा बाबा के मंदिर पर लगने वाला एक पखवाड़ा के मेला कि तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। दूर दराज से आने वाले यात्रियों के ठहरने के लिए पंडाल लगने शुरू हो गए हैं। जबकि धर्मशालाओं में अभी से यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है।