बलिया। बुधवार की रात करीब 12 बजे शहर के कटहर नाला पुल के पास एचटी तार टूट जाने से विद्युत वितरण खंड द्वितीय अंतर्गत फीडर चार से आपूर्ति होने वाले कई मोहल्लों और दर्जनभर गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली नहीं रहने से गुरुवार को इससे जुड़े इलाकों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार की रात कटहर नाला पुल के पास रात लगभग 12 बजे हाईवोल्टेज तार टूट जाने से एक साथ बहेरी, न्यू बहेरी, चंद्रशेखर नगर, उमरगंज, हैबतपुर, माल्देपुर समेत दर्जनभर गांवों की बिजली गुल हो गई। जिससे लोग उमस भरी गर्मी में परेशान हो गए। रातभर बिजली ठप रहने से सुबह लोगों को पानी के लिए भी दो चार होना पड़ा। सप्लाई का पानी नहीं आने की हालत में हैंडपंप ही लोगों का सहारा बने। कुछ स्थानों पर लगे हैंडपंप पर पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। किसी तरह सुबह का नाश्ता बना और महिलाओं ने बच्चों को स्कूल भेजा। पानी नहीं होने की हालत में घर का कामकाज भी प्रभावित रहा। बिजली बाधित होने से छोटे-मोटे कुटीर उद्योग धंधे भी ठप पड़ गए। सुबह करीब 10 बजे आपूर्ति बहाल हुई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इस तरह कुल दस घंटे की बिजली कटौती के दौरान लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन हरिशंकर ने बताया कि कटहल नाला पुल के पास एचटी तार टूट जाने से समस्या उपजी थी, लेकिन सुबह ही तार बदला दिया गया। अब बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गई है।