रामगढ़। बैरिया ब्लॉक के नवका गांव में वर्ष 2016 में पानी टंकी लगा, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते आज तक पानी टंकी चालू नहीं हुआ। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में विभाग के प्रति काफी नाराजगी है। जनता को शुद्ध आर्सेनिक मुक्त जल उपलब्ध कराने के लिये करोड़ों रुपये की लागत से पानी टंकी तो बन गई लेकिन आज तक पानी टंकी से पानी की आपूर्ति क्यों चालू नही हुई यह यक्ष प्रश्न बना हुआ है। यही नहीं क्षेत्रीय जनता के इस समस्या को लेकर इंटक जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने एसडीएम से लगायत जिलाधिकारी से पानी टंकी चालू कराने का गुहार लगाया। बावजूद आज तक नतीजा सिफर रहा। क्षेत्र के गुप्तेश्वर सिंह, पवन सिंह, मंटु कुमार, बंटी कुमार, अवनीश सिंह, छात्र नेता आनंद सिंह आदि लोगों ने चेताया है कि जल्द से जल्द पानी टंकी को चालू नहीं कराया गया तो हम लोग सड़क पर उतारने को बाध्य होंगे। जल निगम के अधिशासी अभियंता कायम हुसेन ने बताया कि पानी टंकी की मोटर में कुछ तकनीकी दिक्कत है जिसे जल्द ठीक करा दिया जाएगा। उसके बाद लोगों पानी टंकी से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।