बलिया। निकाय चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दल भी जिताऊ प्रत्याशी की तलाश में हैं। हालांकि दावेदारों की कमी नहीं है। लेकिन सभी अपनी जीत का दावा कर रहे। भाजपा में दावेदारी करने वाले ज्यादा हैं। टिकट को लेकर कई लखनऊ से लेकर पार्टी के शीर्ष नेताओं तक दौड़ लगा रहे। संभावना जताई जा रही है कि अगले सप्ताह प्रत्याशियों का चयन कर लिया जाएगा।
निकाय चुनाव को लेकर एक ओर जहां प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं, वहीं प्रत्याशियों के चयन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दल भी सक्रिय हो गए हैं। हालांकि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निकाय चुनाव को लेकर अभी अधिसूचना जारी नहीं हुई है लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले महीने चुनाव कराए जा सकते हैं। सबसे अधिक भाजपा में टिकट को लेकर मारामारी मची हुई है। दो नगरपालिका व आठ नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक भाजपा में दावेदारी है। आलम यह है कि कुछ तो सालों से पार्टी से जुड़े हैं तो कुछ विभिन्न पार्टियों को छोड़कर भाजपा में इस उम्मीद के साथ शामिल हुए हैं कि उन्हें टिकट मिल जाएगा।
इसके चलते पार्टी के नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के सामने संकट की स्थिति आ गई है। हालांकि अन्य दलों में टिकट के दावेदारों की कमी नहीं है और उनके सामने भी प्रत्याशियों के चयन को लेकर परेशानी बढ़ गई है। अधिकांश दावेदार टिकट को लेकर विभिन्न पार्टियों के नेताओं के संपर्क में हैं और संगठन के पदाधिकारियों से लगातार संपर्क साधने का काम कर रहे हैं। कई दावेदार तो जिले से लेकर लखनऊ व दिल्ली तक पार्टी के बड़े नेताओं की परिक्रमा में जुटे हुए हैं। बताया जाता है कि सभी दल गोपनीय तरीके से दावेदारों के बाबत जानकारी जुटा रहे हैं और वह हर हाल में जिताऊ प्रत्याशी को ही टिकट देने की तैयारी में हैं।