बलिया। दीपों के पर्व दीपावली के दिन अचानक झमाझम बारिश होने की वजह से नगर के बाजार की रौनक बिगड़ गई। आलम यह रहा जहां बाजार में आए खरीददार परेशान रहे। वहीं दूकानदार भी अपने दूकानों को बचाने में लगे रहे। सड़क की पटरियों के किनारे जलभराव हो जाने से कई दूकानें पानी में तैरती नजर आई।
दीपावली के दिन गुरुवार को दोपहर के समय अचानक झमाझम बारिश होने लगी। जिससे बाजार की रौनक पूरी तरह से बिगड़ गई। आलम यह रहा कि दीपावली के लिए दो दिन की छूट मिलने के बाद लगी दूकानें में पूरी तरह से बर्बाद हो गई। इस दौरान लोग प्लास्टिक लगाकर अपने दूकानों को बचाने में लगे रहे। बाजार में कई लाई और चिउड़ा की दूकानें भी पूरी तरह से भींग गई। बाजार में करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश के बाद नाली का पानी भी सड़क पर बहने लगा। वहीं रामलीला मैदान लगी 62 पटाखा की दूकानें भी पूरी तरह बारिश के आगोश में आ गई। कुछ देर के लिए बारिश खुलने के बाद लोगों ने पटाखे की खरीददारी की।