बलिया। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। जिसमें सपा सरकार में कराए गए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए फर्जी उद्घाटन करके जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। सपा जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने कहा कि भाजपा के राज में कोई भी काम धरातल पर नहीं हो रहा है। सपा सरकार के कार्यकाल में कराए गए कार्यों को अपना कार्य बताया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता के बीच छोटे से छोटे सवालों पर सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी जाकर संघर्ष करें। इस दौरान उन्होंने विधानसभावार संगठन के कार्यों की समीक्षा की। शिवपुर दियर, परानपुर, जवहीं दियर के लोगों की सुविधा के लिए श्रीरामपुर गंगा घाट पर पीपापुल नहीं बनाए जाने पर आक्रोश जताते हुए सात दिसंबर को जिलाधिकारी का घेराव करने का एलान किया।
पूर्व मंत्री नारद राय ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता पार्टी के रीढ़ होते है। आज विपरीत परिस्थिति में काम करना और मिशन 2019 को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों का पालन करते हुए कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। तभी सूबे और देश की जनविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि देश की मोदी तथा प्रदेश की योगी सरकार को उखाड़े बिना प्रदेश का भला होने वाला नहीं है। इस अवसर पर पूर्व विधायक गोरख पासवान, यशपाल सिंह, हरेंद्र गोड़, रामजी यादव, विजयशंकर यादव, इरफान अहमद, प्रभुनाथ यादव, नगर विस अध्यक्ष अध्यक्ष राजकुमार पांडेय, सुशील पांडेय, मिंटू खान, विश्वनाथ चौधरी, रविंद्र यादव, मंटू साहनी, विजय शंकर मंगोलपुरी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता संग्राम सिंह यादव तथा संचालन राजन कन्नौजिया ने किया।