भीमपुरा। थाना क्षेत्र के देवलवीर गांव के समीप बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर स्वर्ण व्यवसायी की बाइक, दो मोबाइल, 10 हजार नकदी सहित हजारों रुपये के आभूषण लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर छानबीन किया, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका।
मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के बिलौझा निवासी सुनील कुमार वर्मा की भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसेसर बाजार में आभूषण की दुकान है। वह शुक्रवार को साढ़े सात बजे अपनी दुकान बंदकर अपने एक सहयोगी नुरमुहम्मद के साथ बाइक से घर जा रहा था। बाइक नुरमुहम्मद चला रहा था। दुकानदार जैसे ही कसौंडर गांव से आगे पकड़िया बांध पहुंचे तो पीछे से एक सफेद कलर की अपाचे पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक दिया। इसमें से एक बदमाश ने सुनील पर तमंचा सटा दिया और लाकर और दुकान की चाभी लेते हुए एक मोबाइल व 10 हजार नकदी सहित ग्राहकों के बंधक रखे गए 30 ग्राम सोना ले लिया। वहीं नुरमुहम्मद भागने लगा तो उसे दौड़ाकर बदमाशों ने पकड़ लिया और उसका भी मोबाइल छीन लिया। बदमाश अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग निकले। इसके बाद इसकी सूचना सुनील ने 100 नंबर और भीमपुरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भीमपुरा पुलिस ने सीमावर्ती थानों को सूचित कर घेरा बंदी की। लेकिन कई घंटों बाद भी बदमाश पुलिस की पकड़ में नहीं आ सकें। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्राधिकारी रसड़ा अवधेश चौधरी भी मौके पर पहुंचकर स्वर्ण व्यवसायी को मामले का दो दिन में खुलासा करने का आश्वासन दिया। वहीं पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।