मनियर। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने कहा कि जनपद में चयनित सभी अंत्योदय ग्रामों का चहुमुखी विकास किया जाएगा। इसके साथ ही ठोस तथा प्रभावी रणनीति के साथ ही कार्य योजना बनाकर गांव में विकास की गंगा बहाई जाएगी। कहा कि इन गांव में सोशल सेक्टर की किसी भी योजना से कोई भी पात्र लाभ लेने से वंचित नहीं रह पाएगा। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारियों से इन गांवों के विकास की व्यापक कार्य योजना तैयार कर उसे मुकम्मल अंजाम देने को कहा।
जिलाधिकारी गुरुवार को मनियर ब्लॉक के सरवार ककरघट्टी गांव में आयोजित जनता चौपाल में अंत्योदय ग्राम में चलाई जाने वाली योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दे रहे थे। डीएम ने ग्राम में अब तक विभिन्न योजनाओं के तहत कराए गए कार्यों को बिंदुवार, विभागवार व योजनावार गहन समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कहाकि इस गांव में सात फरवरी से सभी के घरों में शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा तथा कोई भी परिवार ऐसा नहीं बचेगा। जिसके यहां शौचालय नहीं होगा। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे योजनाओं को मूर्त देने में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करें। पैसे की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस गांव में 79 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास आवंटित किया गया है। वे लोग जल्द से जल्द आवास पूर्ण करा लें। जो लोग छूट गए हैं, उन्हें भी नियमानुसार आवास आवंटित किए जाएंगे।