बलिया। जिले में सोमवार को 16 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। नए मरीजों को मिलाकर जिले में कोरोना पाजिटिव केस की अब कुल संख्या 30 हो गई है। अब तक कुल 14 पॉजिटिव केस थे। इसमें से एक की सैंपलिंग बस्ती में हुई थी। एक मरीज को आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज में रखा गया है। शेष 13 मरीजों को बसंतपुर स्थित एल-1 हॉस्पिटल में रखा गया है।
जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने बताया कि नए मरीजों के आने के बाद अब 10 नए हॉटस्पॉट हो जाएंगे। आठ हाटस्पाट पहले से बने हैं, जिन्हें मिलाकर कुल हॉटस्पाट की संख्या 18 हॉटस्पॉट हो जाएगी। उन्होंने बताया कि दुबहर ब्लाक के ओझवलिया गांव में चार कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। बांसडीह ब्लाक के केवरा में दो, रेवती ब्लाक के बिसौली में दो, नगरा ब्लाक के डिहवा में दो कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं। इसके अलावा मुरलीछपरा ब्लाक के दोकटी व दलनछपरा में एक-एक, विशुनपुरा डंडा में एक, रेवती कस्बा के वार्ड नंबर-छह में एक, भगवानपुर में एक, उमती में एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
इन नए 16 कोरोना पॉजिटिव लोगों को स्वास्थ्य एवं पुलिस की टीम अपने अपने क्षेत्र से उठाकर बसंतपुर एल-वन अस्पताल में भर्ती कर रही है। बता दें कि पहले मिले 14 पॉजिटिव मरीजों में से एक मेडिकल कालेज आजमगढ़ तथा 13 को बसंतपुर एल-वन में भर्ती किया गया है।