जयप्रकाशनगर। वायु सेना के एएन 32 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से जान गंवाने वाले वायु सेना के लीडिंग एयर क्राफ्ट मैन सूरज सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार की देर शाम पैतृक गांव शोभा छपरा में पहुंचने की उम्मीद है। ये जानकारी जोरहाट में मौजूद सूरज सिंह के भाई प्रिंस ने परिजनों को दी है। उधर, शोभा छपरा के लोग अपने गांव के लाल के अंतिम दर्शन के इंतजार में हैं। परिवार के सदस्य गमगीन हैं।
जोरहाट में मौजूद सूरज के छोटे भाई प्रिंस सिंह ने परिवार के लोगों को बताया कि वायु सेना के जोरहट सेंटर के फ्लाइंग आफिसर अंकित चहर यहां मौजूद शरीदों के परिजनों को पल-पल की जानकारी दे रहे हैं। रविवार को उन्होंने बताया था कि तूफानी बारिश होने के कारण शहीदों के पार्थिव शरीर को लाने में अड़चनें आ रही हैं। उम्मीद है कि मानसून ठीक होने की स्थिति में शहीदों के पार्थिव शरीर को सोमवार की सुबह तक जोरहट सेंटर पहुंचाया जाएगा। इसके बाद यहां विभागीय औपचारिकता पूरी करने के बाद उनके सूरज सिंह के पार्थिव शरीर को विमान से गोरखपुर ले जाया जाएगा। गोरखपुर से सड़क मार्ग से पैतृक गांव शोभा छपरा में पार्थिव शरीर पहुंचाया जाएगा। उम्मीद है कि सूरज का पार्थिव शरीर सोमवार की देर शाम तक उनके गांव पहुंच जाएगा।
उधर, सूरज के गम में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का ना दिन कट रहा है ना रात। सूूरज के पार्थिव शरीर के आने के इंतजार में परिजनों के साथ ही उनके रिश्तेदार व गांव के अलावा आसपास के गांवों के लोग हैं। परिवार में चूल्हे नहीं जल रहे हैं। गांव के मंदिरों सहित सार्वजनिक स्थलों पर गांव के बुजुर्ग व नौजवानों की टोली जहां तहां बैठ कर केवल सूरज के पार्थिव शरीर के आने का इंतजार कर रही है।