बैरिया। डीआरएम वीके पंजीआर ने शनिवार को सुरेमनपुर और बकुलहा स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन परिसर, शौचालय, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म एक और दो का निरीक्षण किया। सर्कुलेटिंग एरिया में गंदगी और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिलने पर कार्य निरीक्षक, फोरमैन और स्टेशन अधीक्षक को फटकार लगाई।
सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर लगे पानी की टोटी को डीआरएम ने खुद खोलकर देखा तो टोटी से एक बूंद पानी नहीं टपका। इसके लिए डीआरएम ने कार्य निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह को फटकार लगाई। वही एक नंबर प्लेटफार्म पर सांसद निधि से लगा आरओ प्लांट खराब होने पर फोरमैन अजय सिंह को फटकार लगाते हुए नए आरओ मशीन वाटर कूलर और प्लेटफार्म पर पंखे लगाने का निर्देश दिया। सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफार्म पर गंदगी होने पर स्टेशन अधीक्षक एपी मिश्र को फटकार लगाई। आरक्षित टिकट लिंक फेल की यात्रियों ने डीआरएम से शिकायत की। इस पर डीआरएम ने लिंक सुधार कर टिकट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन के गोदाम में कबाड़ रखा मिला।
इसके बाद डीआरएम ने बकुलहा स्टेशन का भी निरीक्षण किया। वहां भी पानी व साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं पाई गई। इस दौरान डीआरएम ने दोहरीकरण का कार्य तेजी से करने के लिए इंजीनियरों को आवश्यक दिशानिर्देश दिया। कहा कि दोहरीकरण के कार्य में तेजी लाएं। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक, इंजीनियर की टीम, आरपीएफ के कमांडेट ऋषि पांडेय आदि उपस्थित रहे।