जयप्रकाश नगर। आश्वासन के बाद भी 13 जून से क्षतिग्रस्त एनएच 32 की मरम्मत शुरू नहीं करने से नाराज बड़ी संख्या में युवाओं ने शुक्रवार की भोर में 4 बजे जयप्रकाश नगर में हाईवे पर जाम लगा दिया। भोर में चार से सुबह 10 बजे तक जाम के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने जाम खत्म करने का आग्रह किया लेकिन आंदोलनकारी नहीं माने। इसके बाद पहुंचे इंटक जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने शोभाछपरा निवासी वायु सैनिक सूरज सिंह का पार्थिव शरीर पटना से आएगा। इसके बाद युवाओं ने सूरज सिंह को श्रद्धांजलि के रूप में खुद जाम खत्म कर दिया और जाम को 18 जून तक के लिए स्थगित कर दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग 31 बैरिया- मांझी मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। एनएच की मरम्मत कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवक एक सप्ताह पहले सड़क पर उतर क्रमिक अनशन, आमरण अनशन व चक्का जाम किया था। विगत छह जून को क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह की उपस्थिति में एनएच 31 के परियोजना निदेशक नवीन कुमार मिश्र ने 13 जून से एनएच का मरम्मत कार्य शुरू कराने का लिखित आश्वासन दिया था लेकिन मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया। इससे नाराज युवाओं ने शुक्रवार को नवका टोला के पूरब जिन्न बाबा के स्थान पर एनएच 31 को जाम कर दिया। इस दौरान करीब छह घंटे तक एनएच 31 पर वाहनों के पहिए थमे रहे और सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर पहुंचे तहसीलदार बैरिया रामनारायण वर्मा व एसएचओ बैरिया अनिल चंद्र तिवारी के समझाने के बावजूद दुर्गविजय सिंह झलन के नेतृत्व में युवकों ने जाम खत्म करने से इनकार कर दिया।
इसी बीच मौके पर पहुंचे इंटक के जिलाध्यक्ष विनोद सिंह से वार्ता के बाद यह तय हुआ कि शनिवार को शोभाछपरा निवासी विमान दुर्घटना में जान गवांने वाले वायुसैनिक सूरज कुमार सिंह का शव पटना से सड़क मार्ग द्वारा शोभा छपरा आएगा। ऐसे में एनएच 31 जाम रहने पर उनका शव लाने में दिक्कत आएगी। इसलिए शहीद सूरज सिंह के श्रद्धांजलि स्वरूप चक्का 18 जून तक के लिए जाम स्थगित कर दिया गया। वहीं एनएच के वरिष्ठ अधिकारियों से बात हुई तो उन्होंने बताया कि कार्रवाई अंतिम चरण में है। एनएच का मरम्मत कार्य रविवार से शुरू हो जाएगा। चक्का जाम करने वालों में दुर्गविजय सिंह झलन, कुणाल सिंह, विवेक सिंह, पुत्तू पांडेय, ऋषिकेश सिंह आदि शामिल रहे।