बलिया। गुजरात के सूरत में स्थित एक कोचिंग सेंटर में शार्ट सर्किट से लगी बीते दिनों लगी आग में कई छात्रों की मौत तथा कई के घायल होने के बाद शासन-प्रशासन पूरे देश में सक्रिय हो गया है। शासन प्रशासन किसी भी प्रकार का कोई जोखिम उठाना नहीं चाह रहा है। इसीक्रम में मंगलवार की दोपहर सिटी मजिस्ट्रेट बृजकिशोर दुबे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तबारक हुसैन, नपा के ईओ डीके विश्वकर्मा, कोतवाल विपिन सिंह ने संयुक्त रूप से नगर के स्टेशन से चौक में अतिक्रमण हटवाया तथा जुर्माना भी वूसला।
इसके बाद चौक स्थित वी-मार्ट एवं लखानी शू के गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान वी-मार्ट के मैनेजर ने एक सप्ताह तथा लखानी शू गोदाम के मालिक ने तीन दिन के अंदर शपथ पत्र पर लिखकर मानक के अनुसार बिल्डिंग को सुव्यवस्थित करने का आश्वासन दिया। तत्पश्चात टीम वापस चली गई। नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में नगर पालिका, मुख्य अग्निशमन अधिकारी की टीम ने संयुक्त रूप से सबसे पहले स्टेशन से चौक तक अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान रास्ते में पड़े पांच फुटपाथ दुकानदारों से नगर पालिका प्रशासन ने दो-दो सौ रुपये जुर्माना काटा और दुबारा दुकान न लगाने की हिदायत दी।
वहीं, सात दुकानदारों से स्वच्छता अभियान के तहत नगर पालिका प्रशासन ने डस्टबीन नहीं रखने पर पांच-पांच सौ रुपये जुर्माना काटा और तत्काल दुकान के सामने डस्टबीन रखने का निर्देश दिया। इसके बाद टीम चौक स्थित वी-मार्ट पर पहुंची, जहां नगर पालिका ने दो हजार रुपये जुर्माना काटा। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट व मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने गहनता से निरीक्षण किया। वहीं पार्किंग न होने पर मैनेजर को सिटी मजिस्ट्रेट ने फटकार लगाई। इस दौरान मानक के अनुसार अग्नि सुरक्षा से संबंधित कोई भी व्यवस्था नहीं पाई गई। हालाकि मैनेजर द्वारा अग्नि सुरक्षा को लेकर दावा किया जा रहा था। लेकिन सिंगल सीढ़ी होने के कारण घटना के दौरान बड़ी हादसा की आशंका जताई गई। इस दौरान माल के मैनेजर ने शपथ पत्र लिखकर आश्वासन दिया कि वह एक सप्ताह के अंदर मानक के अनुसार माल को सुव्यवस्थित कर लूंगा।
इसके बाद टीम विष्णु धर्मशाला रोड स्थित लखानी शू गोदाम पर पहुंची जहां गोदाम को देख सिटी मजिस्ट्रेट ने सील करने का आदेश दिया। वहीं नगर पालिका प्रशासन ने रोड पर अतिक्रमण करने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना काटा। संचालक ने शपथ पत्र लिखकर आश्वासन दिया कि तीन दिन के अंदर मानक के अनुसार गोदाम को सुव्यवस्थित कर लेंगे। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि माल शाप व लखानी शू के गोदाम में कतिपय कारणों से कोई अप्रिय घटना घटित हो जाती है तो लोगों को बचाना मुख्य अग्निशमन विभाग के लिए टेढ़ी खीर से कम साबित नहीं होगा।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा विष्णु धर्मशाला रोड स्थित काली मंदिर के सामने खुलेआम बिक रही मीट मुर्गा के दो दुकानों से दो-दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट ने नगर पालिका ईओ को निर्देश दिया कि मेरे तरफ से मीट मुर्गा बेचने वाले को नोटिस दे कि मंदिर, मजिस्द के पास मीट न बेचे। इसके अलावा कटहलनाला में गंदगी न फेंके। अन्यथा पकड़े जाने पर संबंधित दुुकानदार के विरूद्घ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डीके विश्वकर्मा ने बताया कि छोटे बड़े 27 दुकानदारों से 24100 रुपये जुर्माना वसूला गया है। जिसमें गंदगी फैलाने वाले 15 दुकानदारों से 7500 रुपये, रोड पर अतिक्रमण करने वाले सात दुकानदारों से 6600 रुपये, तीन बड़े दुकानदारों से 6000 रुपये तथा मंदिर के सामने मीट बेचने वाले दो दुकानदारों से 4000 रुपये जुर्माना वसूला गया।