पोस्टर प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया कला बनाने का हुनर
- फोटो : amar ujala
बलिया। नगर के एलआईसी रोड स्थित कलवार धर्मशाला में रविवार को लायंस क्लब के तत्वावधान में पोस्टर कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के अलग-अलग स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में युगल, ऋषि और शाइस्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस दौरान पोस्टर प्रतियोगिता में अव्वल प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कलवार धर्मशाला में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता विश्व पर्यावरण दिवस के पखवारे में पर्यावरण जन जागरूकता के लिए स्कूली बच्चों के बीच कराई गई। यह डॉ. इफ्तेखार खां के दिशा निर्देशन में संपन्न हुई। डॉ. खान ने पुरस्कार वितरण के समय छात्रों को बताया कि पोस्टर कला कैसे बनाया जाय और बनाते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नौशाद अंसारी व हरिशंकर प्रसाद के निर्णय के आधार पर कक्षा छह से आठ तक के छात्रों में प्रथम स्थान पर होली क्रास स्कूल के युगल प्रकाश, द्वितीय स्थान पर द होराइजन स्कूल के अनुग्रह नारायण सिंह तथा तृतीय स्थान पर काव्या श्रीवास्तव रही।
कक्षा नौ से 11 तक में प्रथम स्थान पर ऋषि शर्मा, द्वितीय होली क्रास की नाहिद परवीन खानम तथा तृतीय पर सेक्रेट हर्ट स्कूल की मानसी तिवारी रही। सीनियर वर्ग में कक्षा 12 से परास्नातक तक में प्रथम स्थान पर गांधी इंटर कॉलेज सिकंदरपुर की शाइस्ता खातून, द्वितीय स्थान पर सतीश चंद्र कालेज के आनंद कुमार तथा तृतीय स्थान पर ज्ञानपीठिका की करीना खातून रही। इस प्रतियोगिता के अव्वल प्रतिभागियों को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर लायंस क्लब के अध्यक्ष विजय बहादुर गुप्ता, सचिव अरविंद मोहन सहित सभी पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।