बेल्थरारोड। कुंडैल क्षेत्र को नगर में शामिल करने की मांग को लेकर कुंडैल क्षेत्र के लोगों ने रविवार को जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। कुंडैल ढाला से नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी इमिलिया मार्ग, बहोरवां आदि स्थानों पर भ्रमण किया।
कुंडैल को नगर में मिलाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि कुंडैल ढाला क्षेत्र की पांच सौ की आबादी के सात दशक के बाद भी सरकारी उपेक्षा का शिकार है। यह क्षेत्र कुंडैल नियामत अली, तिरनई खुर्द एवं इमलिया (बाहरी) मौजा का हिस्सा है। फिर भी किसी भी ग्राम सभा के सरकारी अभिलेखों में इस क्षेत्र का कोई उल्लेख नहीं है। किसी क्षेत्र का कोई हिस्सा नहीं होने से इस क्षेत्र के वाशिंदे सरकारी सुविधाओं से वंचित हैं। इनके पास जाति, आय, निवास, परिवार रजिस्टर आदि कोई सरकारी दस्तावेज नहीं है। इसकी वजह से उन्हें किसी सरकारी सुविधा का लाभ उठा नहीं मिलता है।
ऐसे में यहां के लोग आजादी के बाद भी विकास की मुख्यधारा में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि कुंडैल ढाला क्षेत्र को नगर पंचायत में शामिल करने को लेकर मुहिम चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर 10 जून को ढाला स्थित मोहनलाल कटरा में सभा आयोजित की गई है, जिसमें विधायक धनंजय कनौजिया, नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त, उप जिलाधिकारी मोतीलाल यादव आदि के भाग लेने की संभावना है। इस मौके पर मनोहर जायसवाल, हरिश्चंद्र चंद्र मद्धेशिया, सुनील वर्मा, छोटेलाल, अशोक शर्मा, डॉक्टर सुरेंद्र सिंह, आशीष समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।