बलिया। भारतीय जनता पार्टी के हनुमानगंज स्थित जिला कार्यालय पर बलिया के नवनिर्वाचित सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त एवं सलेमपुर से दुबारा सांसद चुने गए रवींद्र कुशवाहा के जनपद में प्रथम आगमन पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इसमें दोनों सांसदों को फूल माला, अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि बलिया की जनता ने ऐतिहासिक जीत देकर जिले के विकास का रास्ता खोल दिया है। अभिनंदन समारोह में जनता के प्रति आभार जताते हुए सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि 1952 से लेकर 2019 तक बलिया के चुनाव में जितने जनादेश मिले हैं उसमें वर्तमान जनादेश शीर्ष पर है। कहा कि 1977 में परिवर्तन की लड़ाई का नेतृत्व व आंदोलन की रचना का केंद्र बलिया है। कहा कि बलिया के कार्यकर्ताओं के सुझाव के अनुसार यहां का विकास कराया जाएगा। सलेमपुर सांसद रवींद कुशवाहा ने कहा कि यह जीत संगठन और कार्यकर्ताओं की रणनीति व मेहनत की बदौलत हुई है। हम जनपद के विकास के रास्ते पर लेकर चलेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे, विधायक आनंद स्वरूप शुक्ल, धनंजय कन्नौजिया, सुरेंद्र नाथ सिंह, विजय बहादुर सिंह, सुनीता श्रीवास्तव, संजय मिश्र, नंदलाल सिंह, प्रदीप सिंह, प्रमिला गुप्त, अमिताभ उपाध्याय, सूर्यदेव राय, दिनेश्वर सिंह, भगवान पाठक, नीतू राय, पीयूष चौबे आदि उपस्थित रहे। संचालन जयप्रकाश साहू ने किया।