बलिया। बेदुआ मोहल्ले में गुरुवार की सुबह बेदुआ स्थित पानी टंकी का निरीक्षण करने लखनऊ से आए आर्किटेक्ट अमित चौधरी के साथ निरीक्षण करने पहुंचे नगर पालिका के चेयरमैन अजय कुमार समाजसेवी के ऊपर कुछ मनबढ़ोें ने हाथ छोड़ दिया। हमला करने के बाद मनबढ़ भाग गए।
चेयरनमैन अजय कुमार ने नगरपालिका अधिकारी, कर्मचारी व सभासदों के साथ बैठक कर डीएम व एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। इसके बाद चेयरमैन ने एक अधिवक्ता समेत पांच लोगों के विरुद्घ कोतवाली में तहरीर दी। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही थी।
तहरीर में उल्लेख किया गया कि गुरुवार सुबह लखनऊ से आए अमित चौधरी अधिशासी अधिकारी, दो अभियंता व पालिका के कुछ कर्मचारियों नगर के बेदुआ स्थित पानी टंकी पर सुबह आठ बजे निरीक्षण करने गए। यहां कुछ लोगों ने चेयरमैन से हाथापाई की। इसके बाद ईंट-पत्थर चलाने लगे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। कहा कि भाग जाओ नहीं तो यही पर काट कर गाड़ दूंगा। इससे सरकारी कार्य में इन लोगों द्वारा व्यवधान उत्पन्न किया गया। चेयरमैन ने एक अधिवक्ता समेत पांच लोगोें के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
चेयरमैन पर अभद्र टिप्पणी करने वाले छह लोगों पर मुकदमा दर्ज : बलिया। चार दिन पूर्व फेसबुक पर चेयरमैन के विरूद्घ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने चेयरमैन के तहरीर पर करीब छह लोगों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर छानबिन में जुटी हुई है। अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ कि गुरुवार को बेदुआ मोहल्ले में कुछ लोगों ने चेयरमैन की पिटाई कर दिया।