रसड़ा। क्षेत्र के प्रधानपुर पुलिया के पास बुधवार की शाम जांच अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस, स्वॉट टीम एवं सर्विलांस टीम ने चोरों के अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को चोरी की सात बाइक, एक पिकअप और दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक 20 हजार इनामी है।
पुलिस टीम बुधवार की शाम प्रधानपुर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी कि प्रधानपुर की तरफ से आ रहे पिकअप 207 को पुलिस टीम ने रोक लिया। गाड़ी रुकते ही चालक समेत गाड़ी में बैठे तीन लोग गाजीपुर की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पिकअप की तलाशी ली गई तो उसमें चोरी की सात बाइक मिली। पकड़े गए चोरों ने बताया कि ये बाइक बलिया, गाजीपुर, मऊ व आस पास के जनपदों से चुराई गई हैैं। वहीं पिकअप रसड़ा क्षेत्र से चुराई गई है, जिसका मुकदमा पंजीकृत है। पकड़े गए आरोपियों ने नाम क्रमश: चितबड़ागांव थाना के नगपुरा निवासी अजय साहनी उर्फ जितेंद्र पुत्र राजन साहनी, कोतवाली क्षेत्र के ओनाई निवासी राजकुमार उर्फ मल्लु यादव पुत्र कमला यादव, प्रधानपुर निवासी रजनीश यादव पुत्र राधेश्याम यादव है। पुलिस का कहना है कि तीनों कई बार वाहन चोरी में जेल जा चुके हैं। यह गैंग बलिया, मऊ, गाजीपुर व आसपास के जनपदों से बाइक चोरी करने के बाद नंबर बदल कर बेचने के लिये बिहार ले जा रहे थे। इनमें अजय साहनी उर्फ जितेंद्र 20 हजार का इनामी है। इसपर गैगेस्टर की कार्रवाई रसड़ा थाने में की गई है। यह वांछित चल रहा था। जिसके गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।