बैरिया। स्थानीय तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर अनुपस्थित रहे 17 अधिकारियों को उपजिलाधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस मौके पर भूमि विवाद, राशन, केरोसिन, बिजली आदि से जुड़े 65 मामले आए जिसमें पांच मामलों का निस्तारण किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की भीड़ रही। एसडीएम ने समस्याएं सुनीं और निस्तारण का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इस दौरान कई अधिकारी अनुपस्थित रहे। इनमें बाल विकास परियोजना अधिकारी, उप निबंधक बैरिया, पूर्ति निरीक्षक बैरिया, वन क्षेत्राधिकारी बैरिया, प्रभारी चिकित्साधिकारी सोनबरसा, जिला गन्ना अधिकारी, सहायक चिकित्साधिकारी होमियोपैथिक लालगंज, अपर जिला सहायक अधिकारी सहकारिता, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी, प्राथमिक चिकित्साधिकारी कोटवां, अधिशासी अभियंता जल निगम, सहायक कृषि अधिकारी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, सहायक ग्रामीण अधिकारी, सहायक अभियंता लघु सिंचाई शामिल रहे। एसडीएम ने इन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर कहा है कि क्यों न आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की जाए। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी बैरिया उमेश कुमार, तहसीलदार बैरिया रामनरायण वर्मा, एसएचओ बैरिया अनिलचंद तिवारी, एसएचओ रेवती राकेश सिंह, एसएचओ दोकटी आदि रहे।