बलिया। राष्ट्रीय निषाद संघ के राष्ट्रीय सचिव लौटन राम निषाद के नेतृत्व में बिंद व निषाद समाज के लोगों ने सोमवार को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें मांग की गई कि पुलिस उत्पीड़न बंदकर गांव में अमन चैन कायम किया जाए। अन्यथा धरना-प्रदर्शन व जेल भर आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 29 मई 2019 को बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के घघरौली गांव में शिव मंदिर की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने बिंद व निषाद समाज के 70 लोगों पर नामजद तथा 450 अज्ञात महिला पुरुषों पर मुकदमा दर्ज किया। इस मौके पर ज्ञानेश्वर, राधेश्याम, रामेश्वर साहनी, छितेश्वर बिंद, उमेश, देवेंद्र निषाद, अशोक कुमार, दिनेश बिंद आदि मौजूद रहे।