रामगढ़। विद्युत वितरण खंड चतुर्थ अन्तर्गत सोनवानी उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति के बिना ही उपभोक्ताओं के हजारों रुपये का बिल आना शुरू हो गया है। इसको लेकर लोग सकते में हैं।
बताया जाता है कि प्रदेश सरकार द्वारा मौजा बेलहरी अन्तर्गत धर्मपुरा में जमीन क्रय कर कटान पीड़ितों को बसाया गया है। अक्तूबर 2018 में सौभाग्य योजना के तहत कटान पीड़ितों के घर मीटर लगा दिया गया। लेकिन आज भी इस बस्ती में खम्भे व तार का पता नहीं है। जबकि अक्तूबर 2018 से ही कटान पीड़ितों का बिजली बिल आना शुरू हो गया है। इसकी जानकारी होने पर इंटक के जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने विद्युत वितरण खंड चतुर्थ के अधिशासी अभियंता अर्जुन राम को संबंधित उपभोक्ताओं के स्थल पर पोल व तार लगवा कर उर्जीकरण करने के बाद ही विद्युत उपयोग के आधार पर बिल जारी करने का निर्देश दिया है।