मारपीट में घायल अधेड़ की मौत, परिजनों का थाने पर हंगामा
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे लोग
मृतक के पुत्र की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज
वज्रवाहन सहित कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में 13 मई को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घरवालों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने घायल को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवारीजन शव को लेकर मंगलवार को बांसडीहरोड थाने पहुंच गए। लोग आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए हंगामा करना शुरू कर दिए। हालात देखते हुए बज्रवाहन सहित कई थानों की फोर्स बुला ली गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने का आश्वासन दिया तो लोग शांत हुए। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
इसके बाद कई थानों की फोर्स पहुंच गई। जबकि मृतक के पुत्र दीपू की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार शंकरपुर गांव के बाऊल चौधरी के डेरा समीप 13 मई को एक दरवाजे समीप वाहन खड़ा किया गया था। इस दौरान वाहन हटाने को लेकर एक पक्ष ने मना किया। जिस पर दोनों पक्षों से जमकर मारपीट हुई। जिसमें एक पक्ष के रामचंद्र यादव (45) पुत्र बाऊल चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बाद घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
इसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने शव को लेकर बांसडीहरोड थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करने के लिए हंगामा करने लगे। जिस पर थाना परिसर में काफी गहमागहमी हो गई। थोड़ी ही देर में वज्रवाहन, सुखपुरा, बांसडीह कोतवाली सहित क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह पहुंच गए। घंटों समझाने के बाद परिजन मुकदमा दर्ज होने का आश्वासन के बाद माने। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पुत्र दीपू यादव की तहरीर पर छह लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।