मनियर। मनियर इंटर कॉलेज के प्रांगण में रविवार को फुटबाल चैलेंज कप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्घाटन मैच एमबीसी सिकरिया व नेशनल स्पोर्ट्स क्लब इंदारा के बीच खेला गया। जिसमें इंदारा की टीम 3-2 से विजयी रही। इसके पूर्व मैच का उद्घाटन मनियर इंटर कॉलेज के प्रबंधक व जिला कोआपरेटिव बैंक के पूर्व चेयरमैन कमलेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा किक मारकर किया। खेल प्रारंभ होने के करीब 15 मिनट बाद नेशनल स्पोर्ट्स क्लब इंदारा मऊ ने एक गोल दागकर बढ़त बना लिया। उसके ठीक पांच मिनट बाद एमबीसी क्लब सिकरिया ने एक गोल दागकर मैच में बराबरी कर लिया। हाफ टाइम के बाद सिकरिया की टीम ने 15 मिनट के बाद एक गोल दागकर इंदारा की टीम पर बढ़त बना ली। फिर इंदारा की टीम के खिलाड़ी साकिब ने एक गोल दाग दिया। इसके बाद इंदारा के खिलाड़ी किशन यादव ने एक गोल दागकर 3-2 से बढ़त बना ली। इस प्रकार इंदारा टीम विजयी होकर अगले चक्र में प्रवेश किया। अंत में किशन यादव को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। उद्घोषक राजू सिंह एवं तनवीर रहे। इस मौके पर नगर पंचायत मनियर के चेयरमैन भीम गुप्ता, भाजपा नेता देवेंद्र नाथ त्रिपाठी, मनियर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हरेराम सिंह, व्यास उपाध्याय, सीताराम सिंह, शिवसागर सिंह, चुल्ली उपाध्याय, गोपाल, विक्रमादित्य सिंह, संकल्प सिंह, सत्यदेव सिंह, नसीरुल्लाह भाई, अमित कुमार सिंह, अरविंद सिंह, अनिल यादव, बैजनाथ सिंह आदि रहे।