बलिया। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत नगर के सिविल चौकी के पास बुधवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने किया। इस अवसर पर करीब 50 लोगों को हेलमेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सिर बचा तो जान बची। सिर फटा तो जान गई। कहा कि सड़क दुर्घटनाएं काफी संख्या में घटित हो रही हैं, जिसमें बिना हेलमेट पहनकर बाइक चलाने वालों की अधिकांश मौत हो रही है। इससे निजात पाने के लिए हेलमेट का प्रयोग करना जरूरी है। कहा कि अगर आप हेलमेट पहनेंगे तो आप स्वयं सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने स्वयं हेलमेट प्रयोग करने के साथ ही आसपास के लोगों को भी हेलमेट प्रयोग करने के लिए जागरूक करने का अनुरोध किया। इसके पूर्व एसपी ने हेलमेट जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सिविल चौकी से निकलकर गड़वार तिराहा, चित्तू पांडेय चौराहा, स्टेशन रोड, स्टेशन-चौक रोड, विजय टाकीज रोड, एलआईसी रोड, मालगोदाम रोड होते हुए स्टेेशन पर जाकर समाप्त हो गई। रैली में यातायात संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को हेलमेट का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर सीओ सिटी अरूण कुमार सिंह, यातायात प्रभारी सुरेश चंद्र दुबे, सुनिल परख, हरि सिंह, डा. अखिलेश राय, डा. साहब दुबे, डा. सुजीत कुमार, डा. अजय कुमार पांडेय, डा. संजीत कुुमार सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन शहर कोतवाल शशिमौलि पांडेय ने किया।
श्रवण कुमार पांडेय