बलिया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) परीक्षा इस वर्ष जनपद के आठ केंद्रों पर आयोजित होगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की यह परीक्षा 5 मार्च 2018 से प्रारंभ होकर 13 अप्रैल 2018 को समाप्त होगी। देवस्थली विद्यापीठ के प्रधानाचार्य एवं सीटी कोआर्डिनेटर बलिया पीसी श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में देवस्थली विद्यापीठ, नागाजी विद्या मंदिर माल्देपुर, सेंट जेवियर्स स्कूल बेल्थरा रोड, बलिया, सेंट जेवियर्स स्कूल बलिया, ज्ञान पीठिका, केंद्रीय विद्यालय, मनस्थली एजुकेशन सेंटर, एमएमडी पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर सभी मान्यता प्राप्त 35 विद्यालयों के परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। कक्षा 10वीं के कुल परीक्षार्थियों की संख्या 5750 तथा 12वीं के कुल परीक्षार्थियों की संख्या 2942 है। सभी प्राइवेट परीक्षार्थी इस वर्ष नागाजी विद्यामंदिर, देवस्थली विद्यापीठ एवं केंद्रीय विद्यालय में परीक्षा देंगे।