बलिया। जिले में रविवार को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा कुल15 केंद्रों पर दो पालियों में कराई गई। जिसमें पंजीकृत 21322 में से 4648 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली की परीक्षा जहां 12 केंद्रों पर हुई वहीं दूसरी पाली की परीक्षा 15 केंद्रों पर कराई गई। उधर, सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने खासे इंतजाम किए थे। अफसर पूरे दिन केंद्रों पर चक्रमण कर स्थिति पर नजर रखे रहे।
जनपद के 15 केंद्रो पर दो पालियों में हुई टीईटी परीक्षा के कुल 21322 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें पहली पाली में प्राथमिक स्तर के 9734 तथा दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 11588 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। टीईटी परीक्षा का लेकर जिला प्रशासन की ओर से चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। कई स्तर की चेकिंग के साथ ही पर्यवेक्षक, नोडल अफसर की भी तैनाती की गई थी। इसके अलावा कई प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार परीक्षा की मॉनीटरिंग करते रहे। सख्ती का आलम यह रहा कि पहली पाली में पंजीकृत कुल 9734 परीक्षार्थियों में से केवल 7195 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। जबकि 2539 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह दूसरी पाली में पंजीकृत कुल 11588 में से 9479 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए और 2109 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
इसमें राजकीय महिला पालिटेक्निक में पहली पाली में 500 में से 369 व दूसरी पाली में 423, जीजीआईसी में पहली पाली में 700 में से 516 और दूसरी पाली में 577, जीआईसी में 700 की जगह 524 व दूसरी पाली में 578, गुलाब देवी महिला डिग्री कालेज में पहली पाली में 700 की जगह 518 व दूसरी पाली में 584, गुलाब देवी इंटर कालेज पहली पाली में 700 की जगह 516 व दूसरी पाली में 575 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए।
इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय में पहली पाली में 1000 की जगह 707 व दूसरी पाली में 789, कुंवर सिंह डिग्री कालेज में पहली पाली में 1000 की जगह 741 व दूसरी पाली में 803, कुंवर सिंह इंटर कालेज में पहली पाली में 1000 की 770 व दूसरी पाली में 828, एससी कॉलेज में पहली पाली में 1000 की जगह 757 व दूसरी पाली में 834 परीक्षार्थियों ने ही परीक्षा दी।
टीडी कॉलेज में पहली पाली में1000 की जगह 714 व दूसरी पाली में 844, टाउन इंटर कालेज में पहली पाली में 1000 की 760 व दूसरी पाली में 841, टाउन पालीटेक्निक में पहली पाली में 434 की जगह 306 व दूसरी पाली में 700 की जगह 548 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। इसके अलावा दूसरी पाली में होली क्रास स्कूल में 1000 की जगह 813, लक्ष्मी राज देवी इंटर कॉलेज में 500 की जगह 372 व सेंट जेवियर्स स्कूल धरहरा में 88की जगह 70 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए।
इनसेट...
डीएम-एसपी भी करते रहे मॉनीटरिंग
बलिया। जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी में कराई गई। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम व पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार भी पूरी परीक्षा के दौरान चक्रमण करते रहे। डीएम-एसपी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर बारी-बारी से जाकर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया। केंद्र व्यवस्थापक व पर्यवेक्षक से जरुरी जानकारी लेने के साथ ही परीक्षा में पूरी सुचिता बनाए रखने का निर्देश देते रहे। डीएम व एसपी चक्रमण के दौरान पर्यवेक्षक व नोडल अधिकारियों को परीक्षा की सुचिता को लेकर हिदायत देते रहे और चेताते रहे कि शिकायत मिली तो कोई बख्शा नहीं जाएगा।
इनसेट...
200 मीटर का दायरा रहा प्रतिबंधित
बलिया। टीईटी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह चौकस रहा। परीक्षा केंद्र से 200 मीटर के दायरे को पूरी तरह प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया गया था। इस दायरे में सभी फोटो स्टेट, साईबर कैफे, कॉमन सर्विस सेंटर की दूकानों को बंद करा दिया गया था। केंद्र के आसपास की पुलिस इस क्षेत्र में किसी को खड़ा तक नहीं होने दे रही थी।