बलिया। जिले के एक युवक ने आजमगढ़ की एक युवती को शादी का झांसा देकर छह महीने तक उसे अपने साथ रखा। जब वह गर्भवती हुई तो गर्भपात के लिए उसे दवा दे दिया। जब अधिक रक्तस्राव होने पर युवती की तबीयत खराब हुई तो उसे जिला महिला अस्पताल में भर्ती करा भाग निकला। रविवार को युवती अस्पताल में अकेले पड़ी रही।
महिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. जया पाठक ने बताया कि युवती करीब तीन माह की गर्भवती है। गर्भ गिराने के लिए युवती को दवा खिलाई गई है। इसके चलते रक्तस्राव हो रहा है। युवती के उपचार के लिए अल्ट्रासाउंड जांच आवश्यक है। जांच के बाद गर्भपात करना पड़ेगा। उधर, युवती ने बताया कि वह बलिया के एक युवक के साथ करीब छह माह से रह रही थी। बताया कि उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसने जिला महिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टर ने जब मामला गंभीर बताया तो युवक भाग निकला। अभी वह कहां हैं इसकी परिजनों को नहीं है। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी है। कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची मामले की छानबीन की। पुलिस ने युवती के परिजनों से भी संपर्क साधा है।