बलिया। तेज गर्मी के बीच चलने वाली गर्म हवा से पशुओं पर हीट स्ट्रोक का असर हो सकता है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक मिश्र ने पशुधन पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए समस्त पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देश जारी कर इस बाबत जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया है कि तेज गर्मी के बीच बहने वाली हवा से पशुओं पर हीट स्ट्रोक का असर हो सकता है। इसके लिए पशुओं को छायादार एवं सुरक्षित स्थान पर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ पिलाएं। कहा कि पशुओं को संतुलित आहार के साथ नमक एवं गुड़ दें और उन्हें स्वच्छ एवं ताजा पानी पिलाएं। बताया कि तालाब एवं पोखरे का गर्म पानी पशुओं को नहीं पिलाएं। लू से प्रभावित पशु के शरीर में ज्यादा गर्मी एवं बुखार के लक्षण होने पर तत्काल इलाज कराएं और पशुशाला में पंखा एवं स्प्रिंकलर का प्रयोग करना चाहिए। मुर्गीशाला में भी पर्याप्त मात्रा में जल एवं राशन की मात्रा रखें और लू लगने पर तत्काल पानी पिलाएं तथा घर के बाहर छायादार स्थानों पर कटोरे में पानी भरकर पशु-पक्षियों को पिलाएं। कहा कि मानसून आने से पूर्व गलाघोंटू बीमारी से बचाव का टीका अपने पशुओं को अवश्य लगवाएं, यह टीका नि:शुल्क लगाया जाता है।