बलिया। वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में भारत के भविष्य बच्चों तथा महिलाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रही आशा एवं संगीनी के भविष्य को लेकर सरकार थोड़ा भी चिंतित नहीं है। जिससे इनके समक्ष घोर आर्थिक संकट की स्थिति हमेशा मौजूद रहती है। इन सभी समस्याओं को लेकर गुरुवार के दिन मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकत्री आशा संघ के बैनर तले पांच सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाध्यक्ष पूनम पांडेय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
आशा कार्यकत्रियों ने अपने ज्ञापन में मांग किया है कि आशा बहुओं को कम से कम 24 हजार रुपये के न्यूनतम मजदूरी देते हुए उनके समस्त बकायों का भुगतान तत्काल किया जाए। साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के एवज में मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी 24 घंटे के अंदर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आशा बहु, आशा संगीनी एवं ऊषा किरणों के साथ अधिकारी सहयोगात्मक व्यवहार करें। ज्ञापन में कहा है कि जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात कर्मचारी हर हाल में उपस्थित रहे ताकि आशा बहुओं के समस्याओं का समाधान किया जा सके तथा उन्हें प्रतिमाह ड्रग किट्स एवं लेखन सामग्री भी मुहैया कराया जाए। इस मौके पर मुख्य रुप से अनिता राय, मीना दुबे, प्रेम कुमारी, सीता खातून, मंजू राय, विद्यावती सिंह, शबनम, संगीता देवी, पूनम देवी, आरती राय, संगीता वर्मा मौजूद रहे।