डिप्लोमा इंजीनियर्स संगठन उप्र जल निगम के कर्मचारियों ने मंगलवार को दोनों खंडों के कार्यालय पर तालाबंदी कर कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान अवर अभियंता की पिटाई करने वाले सभासद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। करीब आधे घंटे तक कार्यालय पर प्रदर्शन करने के बाद कर्मचारी शहर कोतवाली में पहुंच गए और वहां भी मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।बाद में केस दर्ज होने के बाद धरना खत्म हुआ।
धरने को संबोधित करते हुए अधिशासी अभियंता कायम हुसेन ने कहा कि हमारे विभाग के अवर अभियंता की पिटाई नगर पालिका के एक सभासद ने बीते 24 फरवरी को कर दी थी। इस मामले में तहरीर दिए जाने के बाद भी पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। इस दौरान कहा कि हमलावर के खिलाफ आखिर पुलिस किन परिस्थितियों में कार्रवाई करने से हिचक रही है। आरोपी को पुलिस ने घटना के बाद पकड़ भी लिया था। लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। कहा कि हम अपने कर्मचारी के साथ बदसलूकी करने वाले को किसी भी हालत में नहीं बख्शेंगे। इस प्रकरण में पुलिस की उदासीनता पर कोतवाली में धरने पर बैठने के बाद अवर अभियंता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया। इस मौके पर जिला श्रमिक समन्वय समिति के अध्यक्ष बलवंत कुमार सिंह, एमएस शर्मा, सतीश चंद पाठक, दुर्गेश सिंह यादव, नीरज कुमार पांडेय, सुशील कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। संचालन आजाद कुमार ने किया।