बलिया। टीडी कॉलेज के शिक्षकों व कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। महाविद्यालय शिक्षक संघ ने शनिवार को क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेज कर आंदोलन की चेतावनी दी और भुगतान नहीं होने पर प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं होने की भी बात कही। शिक्षकों ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को बताया है कि उनके पत्र के अनुसार महाविद्यालय की प्रबंध समिति व उनके द्वारा नियुक्त कार्यवाहक प्राचार्य के विधिसम्मत नहीं होने के कारण दिसंबर माह का वेतन व अन्य देयक लंबित हैं। इसके चलते उन्हें वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि इसके पहले भी कॉलेज के प्राचार्य को पत्रक दिया गया था लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके चलते संघ ने बैठक कर निर्णय लिया है कि वेतन व देयकों का भुगतान नहीं होने पर वह 21 से 23 जनवरी काली पट्टी बांध कर महाविद्यालय का कार्य करेंगे और इसके बाद 24 जनवरी से कलमबंद हड़ताल शुरु करेंगे। यह भी निर्णय लिया गया है कि भुगतान नहीं होने पर महाविद्यालय में प्रस्तावित 28 जनवरी के दीक्षांत समारोह में भी अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा पाएंगे। ज्ञापन भेजने वालों में संघ के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार राय व सचिव शामिल हैं।