बलिया। आमजन की समस्याओं की लड़ाई के लिए कभी भी पीछे नहीं हटूंगा। यह बातें अखार निवासी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह ने बुधवार को शहीद मंगल पांडेय के पैतृक गांव नगवां में पत्रकारों के समक्ष कहीं। कहा कि जनसमस्याओं के खिलाफ लड़ाई छेड़ने के लिए मंगल पांडेय की धरती से यह अभियान शुरू किया जाएगा। जिन्होंने अंग्रेजों के अन्याय के खिलाफ अपना बलिदान देकर भारत माता के मस्तक को हमेशा के लिए ऊंचा करने का काम किया। क्षेत्र में बाढ़, बिजली और स्वास्थ्य की समस्या का निदान हर हाल में किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण जनता से कहा कि लोगों को अपने गांव में हो रहे सार्वजनिक निर्माण के कार्यों की गुणवत्ता, राशन वितरण तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पहल करनी होगी। कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने के लिए ग्रामीण स्तर पर आवास के नाम पर, पेंशन के नाम पर तथा नौकरी के नाम पर लालच देकर भोले-भाले ग्रामीणों को ठगने वाले लोगों का विरोध होना चाहिए।