बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले के मीना बाजार की तैयारियां जोरों पर हैं। जनपद, गैर जनपद के अलावा गैर प्रांतों से पहुंचे विभिन्न दूकानदार अपनी-अपनी दूकानों को सजाने संवारने में लगे हैं। जबकि झूला-चर्खी लगाने को काम भी चल रहा है।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान चार नवंबर को है। इसके मद्देनजर मीना बाजार को सजाने संवारने के साथ ही अन्य तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान खानपान, कपड़ा, काकरी, सौंदर्य प्रसाधन, चप्पल-जूता, ऊनी कपड़े और स्वेटर की दुकानें भी सजने लगी हैं। इसके अलावा टावर झूला, ब्रेक डांस, सैलेम्बो, टोटा-टोटा, रेंजर झूला, मौत का कुंआ को अंतिम रूप देने में झूला संचालक लग हैं। कुछ झूले तैयार भी हो चुके हैं। मेले में जैलेम्बो झूला पहली बार आया है, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। वहीं ग्रेट राज सर्कस भी मेले में चार चांद लगाएगा।
वहीं सुरक्षा के मद्देनजर मीना बाजार में चौकी की स्थापना की जा रही है। जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। उधर, मीना बाजार के मार्ग पर अभी तक रोलर नहीं चलाया गया है। जिससे रास्ते में बड़े-बड़े मिट्टी के ढेले पड़े हुए है। इसके चलते तैयारियों के लिए सामानों को लाने ले जाने में दिक्कतें आ रही हैं। माना जा रहा है कि कार्तिक स्नान के बाद मेले में रौनक बढ़ जाएगी।