हल्दी। विकास खंड बेलहरी के सोनवानी स्थित ड्वाकरा हाल में मंगलवार को प्रधान संघ अध्यक्ष बेलहरी राजेंद्र यादव के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों की बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष ने कहा कि 14वां वित्त व राज्य वित्त का कार्य वर्षों से अनवरत चला आ रहा है और उससे विकास कार्य हो रहा है। उसमें शासन के द्वारा संशोधित करने की बात सामने आ रही है। अगर ऐसा होता है तो विकास कार्य प्रभावित हो जायेंगे। कहा कि प्रधानों के ऊपर अनावश्यक रूप से आये दिन शिकायती पत्र देकर विकास कार्यो में बाधा उत्पन्न किया जा रहा है और प्रधानों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई कि यदि शिकायती पत्र देने वाले जाचोपरांत गलत पाये जाते हैं तो उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाई की जाय। इस मौके पर विनोद उपाध्याय, अनिल सिंह, अशोक पांडेय, राजकुमार कन्नौजिया, त्रिवेणी सिंह, कमलेश यादव, राजदेव राम, परमेश्वर यादव, उदय यादव, जनार्दन प्रसाद आदि रहे। संचालन नरेंद्र सिंह ने किया।