बलिया। चुनाव के दौरान कोई भी मतदाताओं को प्रभावित नहीं कर सकेगा। ऐसे किसी भी प्रयास की जानकारी पुलिस तक पहुंच जाएगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से गांव व शहर मिलाकर 14000 वॉलंटियर तैयार किए गए हैं, जो चुनाव प्रचार के मतदान केंद्रों पर बवाल करने वालों पर नजर रखेंगे और मजिस्ट्रेट के भी संपर्क में रहेंगे। अबतक चुनाव में बवाल करने वाले 45 हजार लोगों को पाबंद किया गया है।
वोटरों को धमकाने व प्रलोभन देने वालों से सख्ती के साथ निपटने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से तैयारी ली गई है। थानेदार से लेकर बीट सिपाही तक जहां गांव में सतर्क निगाह जमाए हुए हैं, वहीं पुलिस शहर व गांव में अपनी तीसरी आंख की भी मदद ले रही है। इसके लिए पुलिस ने एस-10 के तहत नामित करीब 14000 वालंटियर को सक्रिय कर दिया है। पुलिस नामित वॉलंटियर के संपर्क में रहकर हर दिन उनसे वार्ता कर ऐसे लोगों पर नजर रखे हुए है। साथ ही मतदान प्रभावित करने वालों को चिह्नित करने और मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए अफसरों ने थानेदार से लेकर बीट सिपाहियों तक को सक्रिय कर दिया है। अफसर केंद्रीय पुलिस बल के साथ संवेदनशील गांवों में रूट मार्च कर मतदाताओं को को सुरक्षा का भरोसा दिला रहे हैं। पुलिस की ओर से प्रत्येक ग्राम पंचायत में एस-10 पुलिस वॉलंटियर्स पूर्व में ही नामित किए गए हैं। दस वॉलंटियर्स के हिसाब से 940 गांवों में इनकी संख्या 9400 होती है। मगर शहरी क्षेत्रों में भी पुलिस की ओर से एस 10 नामित किए गए हैं। सभी का पूरा ब्यौरा सी-प्लान पोर्टल पर फीड है।
अब तक पुलिस ने की कार्रवाई
- 45000 बवालियों को किया पाबंद।
-200 आपराधिक प्रवृत्ति वालों पर गुंडा एक्ट।
-1500 लोगों के खिलाफ 110 जी के तहत कार्रवाई।
------
अफसर भी कर रहे एस-10 के सदस्यों से वार्ता
चुनाव के मद्देनजर छोटे मामलों को भी बड़ी गंभीरता लिया जा रहा है। पुलिस विभाग के अधिकारी से लेकर तहसीलदार तक नामित वालंटियर का नाम सी प्लान पोर्टल से निकालकर बात कर रहे हैं। अतिसंवेदनशील गांवों में हर दिन सभी अफसर व थानाध्यक्ष नामित वॉलंटियर से एक बार जरूरत बात कर रहे हैं। ताकि गांव के माहौल के बारे में पता चल सके।
-----
चुनाव को प्रभावित करने वालों की मंशा का विफल करने के लिए ही एस-10 की मदद ली जा रही है। मतदान के दौरान गड़बड़ी करने वालों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए मुचलके की धनराशि जब्त की जाएगी।
-विजय त्रिपाठी, एएसपी, बलिया
----