बलिया। दिवाली की रात पटाखे जलाने के दौरान हुई जरा सी लापरवाही कई लोगों पर भारी पड़ गई। पटाखा फटने से किसी का हाथ झुलस गया तो किसी की आंख और उंगलियों में गंभीर चोट आई।
अलग-अलग हादसों में एक 10 वर्षीय बालक समेत 14 लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दिवाली की रात इमरजेंसी में देर तक घायलों और बीमारों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। सीएमओ व सीएमएस लगातार मॉनिटरिंग करते रहे।
सीएमएस डॉक्टर विनोद कुमार ने कहा कि इमरजेंसी में दिवाली के दिन 24 घंटे में 150 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें करीब 30 फीसदी मरीज सांस और अस्थमा की परेशानी से पीड़ित थे। वहीं, लगभग 10 फीसदी मरीज पटाखों से झुलसने और चोट लगने के कारण अस्पताल पहुंचे।
इसमें रविंद्र 40 वर्ष निवासी जमुआ के हाथ में पटाखा फट गया, आलोक कुमार 10 वर्ष निवासी बहादुरा के आंख में पटाखा से चोट लगी, मनोज कुमार 24 निवासी बहादुरपुर पटाखा से हाथ झुलस गया, संतोष कुमार 38 वर्ष आवास विकास कॉलोनी के चेहरा पर आसमानी पटाखा से झुलस गया, श्वेता कुमारी 21 वर्ष के हाथ झुलस गया अनार बजाते समय, संगीता देवी 35 वर्ष छोटे बेटा पटाखा बजा रहा था, बचाने के दौरान पैर झुलस, सतनी सराय निवासी शिवांश 23 वर्ष पटाखा बजाते समय फटने से उंगली में गंभीर चोट लग गई।
इसके अलावा करीब 14 मरीज इमरजेंसी व दूसरे दिन ओपीडी में तीन मरीज आंख का इलाज कराने पहुंचे, जिन्हें पटाखा बजाने के दौरान चोट लगी थी।
चिकित्सकों ने 48 से अधिक मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया, जबकि करीब 100 मरीजों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
उधर, ट्रामा सेंटर में भी दुर्घटना, मारपीट और छत से गिरकर घायल हुए 32 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। चिकित्सकों ने इनमें से 18 मरीजों को उपचार के बाद राहत मिलने पर छुट्टी दे दी।