बासडीहरोड। वाराणसी छपरा रेलखंड के बासडीहरोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार की देर शाम उस समय हंगामा हो गया जब छपरा मूर्ति लेने जा रहे युवकों के बीच छींटाकशी को लेकर जमकर ईट पत्थर चले। युवकों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान 55017 पैसेंजर छपरा -मऊ अप ट्रेन में यात्रियों से भी नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंचे बांसडीह रोड थानाध्यक्ष करुणेश सिंह ने किसी तरह से हालात को संभाला।
बताया जाता है कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों में दीपावली के उपलक्ष्य में लक्ष्मी पूजन का आयोजन किया जाता है। जिसको लेकर मूर्ति खरीदने के लिए सोमवार की देर शाम बांसडीहरोड रेलवे स्टेशन पर काफी संख्या में युवक पहुंचे थे। इस दौरान 55017 पैसेंजर ट्रेन छपरा-मऊ अप स्टेशन पर पहुंची ।इसी बीच कुछ युवकों ने ट्रेन में यात्रा कर रही एक युवती को देखकर छींटाकशी करना शुरू कर दिया। यह देख अन्य मूर्ति लाने जा रहे युवकों ने दूसरे मंडली के युवकों का विरोध किया। देखते ही देखते दो पक्षों में ईट पत्थर चलाना शुरू हो गया। यह देख स्टेशन अधीक्षक दिव्य प्रकाश ने कंट्रोल रूम सहित बांसडीहरोड पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। जबकि स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इस बाबत स्टेशन अधीक्षक दिव्य प्रकाश ने बताया कि छपरा मऊ पैसेंजर ट्रेन स्टेशन पर रुकी। जिसके बाद कुछ युवकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इसकी सूचना कंट्रोल सहित पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले को शांत कराया।