बेल्थरारोड। सलेमपुर सांसद रवींद्र कुशवाहा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिख बेल्थरारोड में शीघ्र ग्राम न्यायालय, पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय और अग्निशमन केंद्र की स्थापना की मांग की। सांसद ने भाजपा नेता देवेंद्र कुमार गुप्त के पत्र का संदर्भ ग्रहण करते हुए तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। भाजपा नेता गुप्त ने बताया कि दो वर्ष पूर्व ग्राम न्यायालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई लेकिन हकीकत के धरातल पर अभी तक न्यायालय आकार नहीं ले सका। उन्होंने कहा कि तहसील में क्षेत्राधिकारी कार्यालय खोल दिया गया है, जबकि स्थाई रूप से सीओ की तैनाती नहीं की गई, वहीं निछुआ डीह में अग्निशमन केंद्र के लिए भूमि अधिग्रहीत की जा चुकी है। धनाभाव के चलते फायर स्टेशन का निर्माण अधर में लटका हुआ है। सांसद कुशवाहा ने पत्र की गंभीरता के मद्देनजर मुख्यमंत्री से मांगे शीघ्र पूर्ण करने की मांग की, ताकि लंबित योजनाओं का क्रियान्वयन हो सके।