सुखपुरा (बलिया)। भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय शाखा द्वारा संचालित सीएससी के अचानक बंद होने व केवाईसी अपडेट नहीं किए जाने से खफा बैंक उपभोक्ता गुरुवार को सड़क पर उतर आए तथा बैंक कर्मियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बलिया-सिकंदरपुर मार्ग जाम कर दिया। लगभग एक घंटे के बाद थानाध्यक्ष के समझाने व शाखा प्रबंधक से बात कराने के आश्वासन पर खाताधारकों ने जाम समाप्त किया।
भारतीय स्टेट बैंक द्वारा क्षेत्र के अपायल, हरिपुर, भरखरा, भोजपुर, शिवपुर ,बेसहां में सीएससी का संचालन होता है। इसमें बैसहां सीएससी पर पिछले वर्ष लाखों रुपए के गबन के आरोप के मद्देनजर बैंक ने बैसहां सीएसी को बंद कर दिया था। शेष सीएससी पूर्व की भांति चल रही थी। इसी बीच बैंक के उच्चाधिकारियों ने सुखपुरा शाखा की समस्त सीएससी को बंद कर दिया, जिसमें हरिपुर और भरखरा सीएससी के संचालक हाईकोर्ट से स्टे लेकर सीएससी संचालित कर रहे थे, लेकिन बाद में हाईकोर्ट से हारने के बाद उन्होंने अपनी सीएससी बंद कर दी। इस कारण सीएससी से जुड़ें लगभग 15000 खाताधारकों का लेन-देन पूर्णतया अवरुद्ध हो गया। स्टेट बैंक के मुख्य शाखा पर आने के बाद उन्हें ई केवाईसी बनाने की बात कह कर लौटा दिया जा रहा था। बार-बार दौड़ने से परेशान और लेन-देन अवरुद्ध होने से नाराज खाता धारकों ने गुरुवार को स्टेट बैंक के सम्मुख बलिया सिकंदरपुर मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष और उनके सहयोगियों ने समझा-बुझाकर जाम छुड़वाया। पता चला है कि बैंक ने सीएससी को एनजीओ को सुपुर्द कर दिया है। इससे सीएससी संचालको के कमीशन पर प्रतिकूल असर पड़ा है।