खेजुरी। पशु आरोग्य मेला बुधवार को विकास खंड पंदह के ग्राम सभा मासूमपुर में आयोजित किया गया। मेले में क्षेत्र के असाध्य रोगों से ग्रसित पशुओं के इलाज की पूरी व्यवस्था की गई थी। शासन के द्वारा आयोजित मेले का प्रचार-प्रसार न होने से अधिकांश पशु पालक इस मेले का लाभ लेने से वंचित रह गए। मेले के प्रभारी डॉ. जीपी कुशवाहा एवं डॉ. अजय सिंह ने बताया कि क्षेत्र के कई गांवों में असाध्य रोगों से ग्रसित पशुओं को चिह्नित किया गया था, जिन्हें बुधवार को ग्राम सभा मासूमपुर में आयोजित होने वाले पशु आरोग्य मेले में अपने पशुओं के इलाज हेतु आमंत्रित किया गया था। जिसमें से अधिकांश को पशुओं का मेले में इलाज तथा दवाएं दी गईं। इस दौरान पशु चिकित्सकों ने बताया कि अधिकांश पशु पॉलिथीन खाने से तथा ऐसे आहार को ग्रहण करने से बीमार थे, जो आमतौर से पशुओं के द्वारा नहीं खाया जाता है। उन्होंने बताया कि हरा चारा वैज्ञानिक पद्धति से खिलाए जाना और अन्य पोषक तत्वों के लिए पशु पालकों को व्यवस्था करनी चाहिए। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजू पांडेय ने बताया हम चाहेंगे कि ऐसा मेला बार-बार क्षेत्र में आयोजित और इसका प्रचार प्रसार किया जाए। पशुपालक मुन्ना खान ने बताया कि हम अपने पशुओं के इलाज के लिए ऐसे मेलों की अपेक्षा कर रहे हैं। क्योंकि झोलाछाप डॉक्टरों के द्वारा किए गए इलाज से हमलोगों को संतुष्टि नहीं मिल पाती है।